इस सेब सीजन में नहीं बन पाएगी रोहड़ू सब्जी मंडी

रोहड़ू। तीन माह बाद सेब सीजन में लोगों को फिर रोहड़ू सब्जी मंडी में अभी से जाम में फंसने के लिए तैयार रहना होगा। सात माह पहले हुए सीएम के आदेश अभी तक सिरे नहीं चड़ पाए हैं। सब्जी मंडी महेंदली में स्थानांतरण करने की योजना भू अधिग्रहण न होने से अधर में लटक गई है।
कई वर्षों से लोग रोहड़ू सब्जी मंडी के स्थानांतरण की मांग कर रहे हैं। चार साल पहले रोहडू में विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस-भाजपा ने चुनावी मुद्दा बना कर लोगों से वोट लिए । चुनाव जीतने के बाद मामला ठंडे बस्ते में डाला गया। 2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने फिर रोहड़ू सब्जी मंडी स्थानांतरण का लोगों को आश्वासन दिया। इस लोकसभा चुनाव में किसी भी सियासी दल ने इस मुद्दे को नहीं छुआ। नवंबर 2013 में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने महेंदली पहुंच कर मंडी बनाने के आदेश किए। मंडी का निर्माण मार्केटिंग बोर्ड ने करना है। एसडीएम रोहड़ू को इसके दस्तावेज तैयार करने के निर्देश जारी हुए हैं।
सेब सीजन के दौरान सब्जी मंडी में लोगों को दस घंटे तक जाम में फंसना पड़ता है। बीमार, बुजुर्ग और स्कूल के बच्चे जाम में हर दिन परेशान रहते हैं। मंडी के स्थानांतरण का मामला अभी तक चुनाव आचार संहिता के कारण आगे नहीं बढ़ रहा है। अब आचार संहिता हटने के बाद तीन माह में मंडी के लिए भू-अधिग्रहण संभव नहीं है। जुलाई माह से फिर सेब सजीन शुरू होने वाला है। लोगों को इस बार भी जाम में फंसने के लिए मन बनाना होगा।
एसडीएम वाईपीएस वर्मा के कहा कि चुनाव आचार संहिता लगने से पहले रोहड़ू सब्जी मंडी से संबंधित सभी दस्तावेज मार्केटिंग बोर्ड को सौंपे गए हैं। अभी तक भू-अधिग्रहण नहीं हुआ है। भू अधिग्रहण के बीना मंडी स्थानांतरण संभव नहीं है।

Related posts