इस बार फीकी रही मीठी ईद

चंबा/तेलका चंबा। मीठी ईद कहलाने वाली ईद-उल फितर इस बार फीकी रहेगी। जिला चंबा के डिपुओं में चीनी का कोटा न पहुंचने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ईद के त्योहार के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों को चीनी लेने के कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। मुस्लिम समुदाय के लोगों को 40 रुपये प्रति किलो के दाम पर दुकानों से मजबूरन चीनी खरीदनी पड़ रही है। तीसा के 66 डिपुओं सहित जिला के अन्य डिपुओं से करीब तीन माह से चीनी गायब है। इस्लामिया कमेटी परगना जूंढ़ के मौलवी बशीर मोहम्मद, अध्यक्ष रमजान मोहम्मद, सदस्य गनी मोहम्मद, अली मोहम्मद, ईसा मोहम्मद, आशिक अली, शब्बीर मोहम्मद, सादिक मोहम्मद, आरिफ बेग, जावेद अली, आमीर, सदीक, युसुफ, सलीम ने बताया कि रमजान के महीने में डिपुओं में चीनी न मिलने से उन्हें मजबूरन 40 रुपये के हिसाब से दुकानों से चीनी खरीदनी पड़ रही है। 9 अगस्त को ईद है और डिपुओं में चीनी आने की कोई संभावना नहीं है। लोगों ने सरकार के प्रति रोष प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि ईद में डबल कोटा मिलता था। इस बार डबल कोटे के बजाय चीनी का सिंगल कोटा भी नहीं मिल रहा है। ईद-उल-फितर को मीठी ईद भी कहा जाता है। इस त्योहार में मुस्लिम परिवार सेमियां व हलवा बनाते हैं और हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाते हैं।
इस संबंध में खाद्य आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने बताया कि अभी तक सप्लाई नहीं पहुंची है, जैसे ही चीनी की सप्लाई आएगी तो उपभोक्ताओं को तीन माह का चीनी का कोटा इक्कठा दे दिया जाएगा।

Related posts