
चंबा। शहर में शनिवार सुबह तीन स्थानों पर आग लगने से दहशत का माहौल रहा। हालांकि तीनों घटनाओं में जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन दोपहर तक अफरा तफरी का माहौल रहा। पहली घटना में शहर के इरावती होटल के स्टोर में शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगने से 50 हजार रुपये का सामान न जलकर राख हो गया है। स्टोर में आग सुबह साढ़े सात बजे लगी। इसके बाद तुरंत होटल के कर्मचारियों ने फायरब्रिगेड को सूचित किया। फायरब्रिगेड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो लाखों का नुकसान हो सकता था। यहां तक कि होटल भी आग की चपेट में आ सकता था। दूसरी घटना में सुबह 5:00 बजे खेल विभाग के कार्यालय के हाल और बरामदे में रखी दरियाें में आग लग गई। पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहे एक कर्मचारी ने इसकी सूचना फायरब्रिगेड को दी थी। आग लगने से 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। फायरब्रिगेड के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फायरमैन दीवान सिंह, गृहरक्षक नरेंद्र पठानिया, चालक गिरी राज सिंह और अनवर खान ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं, सुबह सवा दस बजे एचआरटीसी की बस में जीरो प्वाइंट के पास इंजन में आग लग गई। आग लगने से चालक का हाथ भी जला है। चालक का अस्पताल में उपचार करवाने के बाद घर भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार लंगेरा से चंबा रूट चलने वाली बस एचपी 73-0952 सवारियां छोड़कर वापस वर्कशाप जा रही थी, इसी दौरान जीरो प्वाइंट में बस के इंजन में आग लग गई। चालक पृथी सिंह ने फायरब्रिगेड को सूचित किया। इसके बाद फायरमैन जगदीश चंद, दौलत राम और चालक लोकेंद्र ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। अग्निशमन विभाग के मुख्य अग्निशमन अधिकारी कैलाशो राम ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो जगह आग लगने से करीब 1 लाख 30 हजार का नुकसान हुआ है। वहीं, जीरो प्वाइंट पर निगम की बस में भी आग लग गई थी। फायरब्रिगेड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
