इंस्पेक्शन ने रोका कौशल विकास भत्ता

चंबा। सरकार ने बेरोजगार युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के लिए कौशल विकास भत्ता योजना को शुरू किया है लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही के कारण जिला चंबा के सैकड़ों युवा कौशल विकास भत्ता पाने से वंचित रह रहे हैं। जिला में पिछले लगभग डेढ़ माह से निजी संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं। इसके चलते सैकड़ों युवाओं को कौशल विकास भत्ता सुविधा से महरूम रहना पड़ रहा है। सरकार की ओर से संबंधित विभाग के अधिकारियों को 27 दिसंबर 2013 को निजी संस्थानों की इंस्पेक्शन करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन हैरत की बात है कि अभी तक जिला चंबा में एक भी संस्थान की इंस्पेक्शन नहीं हो पाई है।
इंस्पेक्शन के लिए जिला रोजगार अधिकारी , आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं डीआईसी के जीएम की संयुक्त टीम गठित की गई है। ये अधिकारी मिलकर संस्थानों की इंस्पेक्शन करने के बाद उन्हें एनओसी जारी करेंगे। इसके बाद संबंधित संस्थानों के छात्रों से कौशल विकास भत्ता के लिए आवेदन लिए जाएंगे लेकिन जिला चंबा में संबंधित विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण निजी संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सैकड़ों युवाओं को कौशल विकास भत्ता सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मौजूदा समय में जिला में दर्जनों निजी संस्थान चल रहे हैं और इसमें सैकड़ों युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। जब तक इन संस्थानों की इंस्पेक्शन नहीं हो पाती, संबंधित संस्थान के प्रशिक्षु कौशल विकास भत्ता पाने के हकदार नहीं होंगे।
उधर, कार्यकारी जिला रोजगार अधिकारी पीएस चंबियाल ने माना कि अभी तक निजी संस्थानों की इंस्पेक्शन नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्शन के लिए जिला रोजगार अधिकारी सहित आईटी प्रधानाचार्य एवं डीआईसी के जीएम की संयुक्त टीम गठित की गई है। जल्द ही इंस्पेक्शन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Related posts