इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर ठगी

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। एक लाइफ इंश्योरेंस के परामर्शदाता समेत तीन युवकों पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। व्यक्ति की शिकायत पर नगरोटा बगवां पुलिस ने धारा 420 व 34 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। नगरोटा बगवां के अक्षय कुमार की शिकायत पर कार्रवाई कर पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर कर रही है। एएसआई राम सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता अक्षय कुमार को फोन पर एक युवक ने इंश्यारेंस कंपनी में उसकी पुरानी लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के फंसे पैसे दिलवाने की बात की। इसके लिए उसने अक्षय से एक ब्लैंक चेक और एक कैसंल्ड चेक की मांग की। अक्षय कुमार ने दोनों चेक युवक को दे दिए, लेकिन बाद में उसे कुछ शक हुआ। इसके बाद उसने नगरोटा बगवां पुलिस को सूचित किया। अक्षय कुमार की मलां स्थित दुकान से सूचना पाकर पुलिस ने वहां बैठे आरोपी युवक को पकड़ लिया। थाने में युवक से पूछताछ के बाद दो अन्य युवकों को भी थाने में बुलाया गया। जांच अधिकारी ने बताया कि छानबीन के बाद पता चला कि हिरासत में लिए गए तीन में से एक युवक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में बतौर परामर्शदाता कार्यरत है। उसने इन युवकों को काम व कमीशन दिलाने का लालच देकर अपने साथ मिलाया। लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में बतौर एडवाइजर कार्यरत युवक ने अन्य दोनों युवकों को लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के ऐसे कुछ ग्राहकों की सूची भी सौंपी। इस सूची में अंकित उपभोक्ताओं द्वारा पॉलिसी की कम किश्तें जमा करवाई गई थीं। इस कारण पॉलिसी के उनके पैसे लंबित पड़े थे। दोनों युवक इन ग्राहकों सेउनकी पॉलिसी के पैसे दिलवाने के लिए संपर्क करते थे। वहीं, इंश्योरेंस कंपनी के उच्चाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी कंपनी में ब्लैंक चेक लेने की कोई प्रथा नहीं है। इंश्योरेंस केवल अधिकृत एजेंटों से ही करवाई जाती है। जांच अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों युवकों में एक भवारना, एक जमानाबाद और एक योल कैंट का रहने वाला है। डीएसपी कांगड़ा अशोक वर्मा ने लोगों से पूरी छानबीन करके ही इंश्योरेंस करवाने का आह्वान किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है।

Related posts