इंदौरा में नया औद्योगिक क्षेत्र बसेगा

नूरपुर (कांगड़ा)। पंजाब राज्य की सीमा से सटे नूरपुर उपमंडल की इंदौरा तहसील में अब औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है। राज्य उद्योग विभाग ने इंदौरा में नया औद्योगिक क्षेत्र बसाने की कागजी कसरत तेज कर दी है। इसके लिए इंदौरा तहसील के तहत मलोट, बाडी और कंदरोड़ी क्षेत्र में तकरीबन 72 हेक्टेयर सरकारी भूमि को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर नया औद्योगिक क्षेत्र बसाने के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मलोट, बाडी और कंदरोड़ी में चयनित भूमि को राज्य उद्योग विभाग के नाम हस्तांतरित करने की फाइल को डिविजनल कमिश्नर कार्यालय से उद्योग विभाग के सचिव को प्रेषित कर दिया गया है। सूत्रों की मानें तो केंद्र सरकार से वित्तपोषित औद्योगिक ढांचा स्तरोन्नयन योजना के तहत नए औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना के लिए मूलभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। इंदौरा में प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन चयनित स्थानों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य आधारभूत सुविधाएं जुटाई जाएंगी। यहां स्थापित होने वाले नए उद्योगों में न केवल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि अरसे से उपेक्षा का शिकार रहे इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलने से लोगों की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी।

इनसेट..
बाई अटारियां में 64 इकाइयां आवंटित
वर्तमान में इंदौरा तहसील के तहत बाई अटारियां औद्योगिक क्षेत्र में 68 प्लॉट में से 64 औद्योगिक इकाइयों को आवंटित किए गए हैं। हालांकि , पूर्व कांग्रेस शासनकाल में नूरपुर उपमंडल के भदरोआ, टिप्परी और मिरथल में भी नए औद्योगिक क्षेत्र बसाने की योजना बनाई थी, लेकिन मूलभूत ढांचे की कमी के चलते यह कवायद सिरे नहीं चढ़ पाई थी। अब राज्य उद्योग विभाग ने इंदौरा में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से पहले यहां आधारभूत ढांचा जुटाने का खाका तैयार किया है।
इनसेट…
इंदौरा में प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए चयनित भूमि के हस्तांतरण से जुड़ी कागजी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए फाइल उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है।

Related posts