
इंदिरा आवास योजना में बनेंगे 662 मकान
सोलन। जिला परिषद अध्यक्ष कुमारी शीला ने कहा कि इंदिरा आवास योजना में करीब पांच करोड़ रुपये से 662 मकानों का निर्माण किया जाएगा। वहीं राजीव आवास योजना में 96 मकानों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसकी पहली किस्त 36 लाख रुपये स्वीकृत की गई है। वह सोलन में शासकीय निकाय की बैठक में बतौर अध्यक्ष बोल रही थी।
उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे रह रहे आवासहीन परिवार को इस योजना के तहत 75 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। मनरेगा के तहत जिले में 5.02 करोड़ राशि व्यय की गई है जिसके तहत 379 निर्माण कार्य पूरे किए गए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका योजना (एनएलआरएम) के तहत जिला में स्वयं सहायता समूहों का गठन किया जा रहा है जिसके लिए इस योजना के तहत सात प्रतिशत की दर से स्वरोजगार आरंभ करने के लिए ऋण दिया जा रहा है। यह ऋण 03 से 10 लाख रुपये तक प्रदान किया जाता है।
उपनिदेशक व परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण एसडी नेगी ने बताया कि ग्रामीण हाट योजना के तहत नालागढ़, कुनिहार और धर्मपुर विकास खंडों में हाट बनाने के लिए 45 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है। निर्मल भारत अभियान के तहत जिला में इंदिरा आवास योजना व राजीव आवास योजना तथा व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के तहत शौचालय निर्माण के लिए 2.28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बैठक में समस्त विकास खंड अधिकारी व अन्य विभागों के अधिकारियों के अलावा अध्यक्ष पंचायत समिति धर्मपुर नरेंद्र अत्री, माया राम, अनंत राम कश्यप, रजनी देवी और बख्शीश सिंह भी मौजूद रहे।
