इंटरनेट कनेक्‍शन ने इन्हें बनाया ‘लखपति’

इंटरनेट पर काम करने वाले ज्यादातर लोग जानते तो हैं कि विज्ञापन के जरिए अच्छी कमाई हो सकती है, लेकिन ऐसा कर दिखाने वाले बहुत कम लोग मिले हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के तीन छात्रों ने डेढ़ लाख रुपये अर्जित कर यह साबित कर दिया है कि इंटरनेट कनेक्शन हो तो चीन की सीमा पर किसी गांव में भी बैठे-बैठे ज्ञान के साथ अच्छी कमाई की जा सकती है।

यह धनराशि भले ही आपको मामूली लग रही हो लेकिन साइबर की दुनिया ने पिथौरागढ़ के तीन युवाओं को एक नया मुकाम दिया है। ये युवा पढ़ाई करने के साथ ही इंटरनेट के जरिए घर बैठे कमाई भी कर रहे हैं। अब ये छात्र अन्य युवकों को भी सीख देने को उत्सुक हैं।

वेबसाइट के जरिए धन भी कमा रहे
उत्तरांचल तकनीकी विश्वविद्यालय, देहरादून में बी-टेक चौथे वर्ष के छात्र अंकुर रौतेला, रीजनल इंजीनियरिंग कॉलेज, रुड़की में बी-टेक तृतीय वर्ष के प्रियंक पांडेय और पिथौरागढ़ पीजी कालेज के एमएससी प्रथम वर्ष के गौरव शर्मा पढ़ाई के साथ ही इंटरनेट पर वेबसाइट के जरिए धन भी कमा रहे हैं।

इन्होंने तीन वेबसाइटें (www.updatemart.com, www.recruitmentresults.in, www.dnetcall.com) बनाई हैं। इन पर हिट के हिसाब से गूगल उन्हें धन दे रहा है। इन युवाओं ने करीब दो वर्षों में इंटरनेट से ही विदेशी छात्रों से बातचीत की और उनके सुझावों के बाद वेबसाइट तैयार की।

वेबसाइट चल निकली और हिट्स आने शुरू हो गए। दरअसल, ये वेबसाइट तकनीकी विकास, सॉफ्टवेयर रिव्यू, नए गजट आदि पर आधारित हैं। तीनों युवक बताते हैं कि उनकी वेबसाइट को रोजाना औसतन 20 हजार से ज्यादा हिट मिल रहे हैं।

1.52 लाख रुपये का चेक मिला
इस कारण गूगल एडसेंस ने उन्हें 25 अप्रैल 2013 को 1.52 लाख रुपये का चेक दिया है। इन युवकों का कहना है कि पढ़ाई के बाद नौकरी के बजाय घर बैठे कमाई का यह तरीका उनके लिए फायदेमंद साबित हो रहा है। उनका कहना है कि उन्हें भरोसा नहीं था कि उन्हें इस तरह की अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी। अब ये युवा अपने क्षेत्र के अन्य नौजवानों को इस माध्यम से स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने की मुहिम चला रहे हैं। इस क्रम में पिछले सप्ताह नौजवानों ने डीएम से मिलकर जागरूकता कार्यक्रम चलाने का आग्रह किया।

Related posts