इंजीनियरिंग के छात्रों ने बांटी पुस्तकें

पिथौरागढ़। सीमांत इंजीनियरिंग कालेज के ये छात्र अभी पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन वे दूसरों की मदद कर रहे हैं। इन छात्रों ने बुधवार को केएनयू राजकीय इंटर कालेज के छात्रों के लिए 5,580 रुपये मूल्य की किताबें भेंट कीं। ये पुस्तकें विज्ञान और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की हैं।
सीमांत इंजीनियरिंग कालेज के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्रों ने जुगभनू एक नई सोच संगठन बनाकर मदद की पहल की है। इसके जरिए इन छात्रों ने केएनयू जीआईसी के इंटर विज्ञान वर्ग के छात्रों के लिए भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान विषय की 5580 रुपये मूल्य की पुस्तकें कालेज के प्रधानाचार्य हरीश सिंह बोहरा को भेंट की। जीआईसी के प्रधानाचार्य ने इस नई पहल को छात्रों की रचनात्मक सोच का परिचायक बताया।
पुस्तक भेंट करने वाले जुगभनू एक नई सोच के छात्रों में धीरज दानू, नवीन शर्मा, अजय दीप टम्टा, भुवन भट्ट, सौरभ कुमार, नवनीत डीनिया आदि शामिल थे। इन छात्रों ने इस पहल की प्रेरणा का श्रेय इंजीनियरिंग कालेज के शिक्षक अंकुर अग्रवाल, कुंदन सिंह, प्रदीप भट्ट आदि को दिया है।

Related posts