
सूरत: आसाराम के बाद अब उनके बेटे नरायण साईं पर भी मुसीबतों का पहाड़ टूट सकता है। अब गुजरात के सूरत में 2 बहनों ने आसाराम और उनके बेटे नारायण साईं के खिलाफ यौन शोषण (रेप) का मामला दर्ज कराया है। सूरत के पुलिस कमिश्नर का कहना है कि इस मामले में नारायण साईं की गिरफ्तारी हो सकती है।
दोनों बहनों की अब शादी हो चुकी है, लेकिन 10 साल पहले जिस समय उनके साथ यौन शोषण हुआ, उस वक्त वो नाबालिग थीं। दोनों बहनों में से एक को आसाराम ने और दूसरी को नारायण साईं ने अपनी हवस का शिकार बनाया।
जानकारी के अनुसार बड़ी बहन ने आसाराम पर आरोप लगाया कि अहमदाबाद के साबरमती आश्रम में आसाराम ने उसके साथ रेप किया था। जबकि छोटी बहन ने नारायण साईं पर रेप का आरोप लगाया है।
सूत्रों का कहना है कि ये दोनों बहनें आश्रम में दवाएं बनाने का काम करती थीं। 2006 में यौन शोषण की घटना होने के बाद दोनों बहनों ने आश्रम छोड़ दिया । गरीब होने के कारण वह डरती थीं कि अगर पुलिस में शिकायत की, तो उनके घरवालों पर आंच आ जाएगी। आसाराम की गिरफ्तारी के बाद इन दोनों बहनों ने हिम्मत जुटाई और थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
सूरत के पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने आसाराम और उनके बेटे नारायण साईं के खिलाफ रेप केस दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि आसराम पहले से ही नबालिग से यौन शोषण के आरोप में जेल में बंद है।
