
जोधपुर: जोधपुर कोर्ट ने नाबालिब से यौन शोषण के आरोपी आसाराम की न्यायिक हिरासत 6 नवंबर तक बढ़ा दी है। यानी आसाराम अब दीवाली जेल में ही मनाएंगे। इस बीच सूत्रों ने बताया कि पुलिस आसाराम समेत पांच आरोपियों के खिलाफ उसी दिन चार्जशीट पेश करेगी।
शुक्रवार को आसाराम के खिलाफ आरोपपत्र दायर करने के लिए एक दिन और मांगा गया था जिसके बाद सत्र न्यायायल ने उनकी न्यायिक हिरासत की अवधि एक दिन के लिए बढ़ा दी थी। लेकिन शनिवार को सुनवाई के समय भी चार्जशीट पेश नहीं हो सकी। जांच अधिकारी चार्जशीट दायर करने के लिए और अधिक समय की मांग कर रहे हैं। इसके चलते अब जोधपुर पुलिस ने कोर्ट से कहा है कि वो 6 नवंबर को आसाराम के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करेगी।
चार्जशीट में लगाए गए आरोप अगर साबित हुए तो आसाराम को उम्रकैद भी हो सकती है। शुक्रवार को आसाराम को चार अन्य आरोपियों के साथ अदालत में पेश किया गया। सूत्रों के मुताबिक चार्जशीट में पुलिस ने आसाराम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के अलावा आईपीसी की धारा-370 भी लगाई है। यानी पुलिस उन्हें जिस्मफरोशी का धंधा चलाने का भी आरोपी मान रही है। एफआईआर में ये धारा नहीं थी, लिहाज़ा माना जा रहा है कि पुलिस आश्रम में महिलाओं की दीक्षा के कार्यक्रमों को जिस्मफरोशी से जोड़कर देख रही है। माना जा रहा है कि आसाराम के चार अन्य साथियों के खिलाफ़ भी ऐसी ही धाराएं लगेंगी।
