
सलूणी (चंबा)। कृषि केंद्र से सब्सिडी पर खरीदा गया आलू का बीज किसानों को महंगे दाम पर बेचा तो डिपो होल्डरों के लाइसेंस रद्द हो सकते हैं। कृषि विभाग के उपनिदेशक शिव शर्मा ने विकास खंड सलूणी में आलू बीज को लेकर उत्पन्न हुए विवाद पर कड़ा संज्ञान लेते हुए यह निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कृषि कें द्र अधिकारी सलूणी को निर्देश दिए हैं कि जो 800 क्विंटल बीज डिपो होल्डरों को सब्सिडी पर उपलब्ध करवाया गया है, उन सभी डिपो होल्डर के नाम की सूची कृषि उपनिदेशक कार्यालय में प्रेषित की जाए। सलूणी के कई डिपो होल्डरों ने कृषि विभाग से सब्सिडी पर 2100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से आलू का बीज खरीदा है, लेकिन वे किसानों को तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बीज बेच रहे हैं। इसके चलते किसानों में रोष है। किसानों ने इस बारे में तहसीलदार सलूणी के माध्यम से उपायुक्त को एक ज्ञापन भेजा है। किसान अनूप सिंह, मदन कुमार, यशवंत, मदन लाल, सुभाष कुमार, कर्म चंद, मुकेश कुमार, मुस्ताक मोहम्मद, दर्शना, चमारू राम, हरिंद्र, बलवंत, कन्हैया, सुरेश, चंपो, ठाकुरी व देसराज ने बताया कि उन्हें डिपो होल्डर नहीं, सीधे कृषि केंद्र से ही बीज उपलब्ध करवाया जाए। गौर रहे कि बुधवार को उपमंडल की दूरदराज की दर्जनों पंचायतों के सैकड़ों किसान आलू का बीज लेने कृषि केंद्र सलूणी पहुंचे थे, लेकिन कृषि केंद्र में किसानों को तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बीज मिल रहा था, जबकि यही बीज कृषि विभाग की ओर से दो दिन पहले डिपो होल्डरों को 2100 रुपये के हिसाब से प्रदान किया था। इससे किसान भड़क उठे और उन्होंने तहसीलदार के माध्यम से उपायुक्त को ज्ञापन भेजा है।
