आलमपुर के जंगल में गोली लगने से प्राध्यापक घायल

थुरल/पालमपुर (कांगड़ा)। आलमपुर इलाके की जांगल पंचायत के साई गांव में बंदूक की गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे टांडा रेफर किया गया है। गोली उसी के गांव के एक व्यक्ति की बंदूक से चली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर इस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्राध्यापक अनिल कुमार पुत्र धर्म चंद निवासी साई अपने गांव के नजदीक भांजे की शादी के लिए एक बूटी (सहस्रपाली) लेने जंगल गया था। जब वह जंगल में था तो उसे बंदूक की गोली लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि उसी के गांव का एक व्यक्ति जंगल में शिकार खेलने गया था, वहां पर उसने कुछ आवाज सुनी और गोली दाग दी। लेकिन यह गोली अनिल कुमार को लग गई। इस पर उसने जोर से चिल्लाना शुरू किया। उसकी आवाज सुनकर गांव के लोग जंगल में आए और उसे वहां से अस्पताल ले गए। लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए टांडा रेफर कर दिया गया है। पुलिस को दिए गए अपने बयान में अनिल कुमार ने कहा कि जब वह गोली लगने के बाद चिल्लाया तो देखा कि उसी के गांव का मिल्खी राम परवाना बंदूक लिए हुए था और वहां से भाग गया। गोली का छर्रा अनिल कुमार के सिर, पीठ व बाजू पर लगा है। उसका टांडा में आपरेशन हुआ है और वह फिलहाल खतरे की हालत से बाहर बताया गया है।
लंबागांव थाना प्रभारी सुनील राणा ने कहा कि पुलिस ने 307 व आर्म्ड एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मिल्खी राम परवाना को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, डीएसपी पालमपुर नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related posts