आर्मी एरिया में लाश, पुलिस के सामने ये 10 सवाल

राजधानी देहरादून के गढ़ी कैंट इलाके में बोरे में युवती की सिरकटी लाश मिलने से सकते में आई पुलिस को वारदात के शातिराना अंदाज ने उलझन में डाल दिया है।

मौके का मुआयना और फौरी तफ्तीश की तह से कई ऐसे सवाल खड़े हो गए हैं जिससे इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी और उलझ गई। युवती का कटा सिर और नदारद कपड़े इस हत्याकांड की कहानी के एक सिरे हैं जिसको लेकर अब गहन छानबीन और पड़ताल चल रही है।

उधर मौके से मिले सबूतों से भी घटना के तार जोड़ने की कोशिशें जारी हैं। इस बीच पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए दून के अलावा उत्तराखंड और यूपी के थानों से युवतियों की गुमशुदगी की सूचना मांगी है।

एसएसपी केवल खुराना का कहना है कि कई दिशाओं में मामले की जांच चल रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार युवती के बाएं हाथ में हरा, सफेद व लाल रंग का कड़ा है, जबकि पैरों के नाखूनों में नेल पॉलिश लगी और काला धागा बंधा है। युवती की उम्र करीब 25 साल रही होगी। शव को दून अस्पताल में रखा गया है।

आर्मी एरिया की सुरक्षा पर सवाल
सिर कटी युवती की लाश मिलने से आर्मी एरिया की सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे हैं। जहां लाश मिली वहां जाने के दो रास्ते हैं। एक सीएसडी कैंटीन की तरफ से होकर राजभवन वाले रास्ते पर मिलता है जबकि दूसरा रास्ता दून स्कूल वाली सड़क से जुड़ा हुआ है। दोनों तरफ आमतौर पर मिलिट्री पुलिस के जवान तैनात रहते हैं। ऐसे में यहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

इन बिंदुओं पर पड़ताल
1- कूड़ा बीनने गई कुंती ने रविवार को भी घटनास्थल पर पड़े बोरे को देखा था। ऐसे में अंदाजा है कि हत्या को करीब एक हफ्ते पहले अंजाम दिया गया है।
2- जिस जगह लाश पड़ी थी वह अति सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है। हत्यारा कोई ऐसा व्यक्ति है जो घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र से पूरी तरह वाकिफ था।
3- घटनास्थल से लगभग बीस मीटर की दूरी पर सेना के पुराने क्वार्टर हैं। ऐसे हो सकता है कि यहां पर विवाद के बाद युवती की हत्या की गई और शव को बोरे में बंद कर फेंका गया।
4- पुलिस युवती के गर्भवती होने की आशंका जता रही है। आशंका है कि किसी युवक का युवती के साथ अफेयर के दौरान शादी की बात को लेकर घटना को अंजाम दिया गया हो।
5- जिस बोरे में लाश मिली है उस पर ‘दीपक खील भंडार’ कैथल, हरियाणा लिखा हुआ है। पुलिस की टीम छानबीन के लिए कैथल भी भेजी जा रही है।
6- घटनास्थल पर एक ऐसा डंडा भी मिला है जो छठ पर्व पर प्रयोग होता है। ऐसे में छठ के दौरान किसी बात पर विवाद से भी इसे जोड़कर देखा जा रहा है।
7- अब तक दून के थानों में दर्ज गुमशुदगी से लाश की शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो से भी मदद मांगी है।
8- जहां लाश पड़ी थी, वहां काफी झाड़ियां हैं, लेकिन चार पहिया वाहन ले जाने का रास्ता है। हो सकता है बाहर से हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए वहां फेंका गया हो।
9- सिर को इस तरीके से धड़ से अलग किया गया है जैसे कोई प्रोफेशनल सर्जन करता है। ऐसे में हत्यारा मेडिकल क्षेत्र से जुड़ा कोई शख्स भी हो सकता है।
10- युवती का सिर गायब होना, पैर में काला धागा और बाएं हाथ में तीन रंग का कड़ा होने से पुलिस तंत्र-मंत्र के एंगल पर भी काम कर रही है।

Related posts