
बैजनाथ (कांगड़ा)। जोगिंद्रनगर थाना के अंतर्गत समीपवर्ती गांव मोहनघाटी में तांत्रिक द्वारा गांव के प्रीतम सिंह की जीभ काटने के मामले में सोमवार को तांत्रिक धनी राम पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका था। मंगलवार तक तांत्रिक के पुलिस गिरफ्त में आने की पूरी उम्मीद है। गौरतलब है कि मोहनघाटी निवासी प्रीतम के घर इलाज के लिए आए गांव के ही तांत्रिक धनी राम ने इलाज के बहाने प्रीतम की जीभ काट ली और बाद में घटनास्थल से फरार हो गया था। मामले के संबंध में पत्नी रेखा देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। घायल का आयुर्वेदिक चिकित्सालय पपरोला में इलाज चल रहा है। एएसआई ठाकुर राम ने बताया कि मंगलवार तक तांत्रिक की गिरफ्तारी की उम्मीद है।
