
राजपुर (सिरमौर)। पांवटा मंडल के एक निजी ठेकेदार द्वारा लोनिवि कार्यनिरीक्षक के साथ हुई मारपीट का मामला ठंडा पड़ता नहीं दिखाई देता। इस घटना की मंडल सहित पूरे जिला में चौतरफा निंदा की जा रही है। आरोपी को तत्काल प्रभाव से कड़ी से कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग उठ रही है। इस मामले में शुक्रवार को आंजभोज पंचायत ने अपना कड़ा आक्रोश जताया है।
पंचायत के साथ ग्रामीणों ने मिलकर आरोपी को तत्काल प्रभाव से सजा दिलाने की मांग की है। पंचायत प्रधान रंगीलाल तोमर, टारू डांडा के प्रधान संत राम तोमर, नघेता पंचायत के उप प्रधान धनवीर सिंह तोमर, डांडा पंचायत प्रधान कल्याण सिंह, अंबोया पंचायत प्रधान अनुज भंडारी, भाजपा मंडल के पूर्व महामंत्री मनीष तोमर, वर्तमान महामंत्री दिनेश शर्मा, जय प्रकाश शर्मा, शोभा राम चौहान के अलावा जिला परिषद सदस्य बलबीर सिंह ने आरोपी ठेकेदार को सख्त से सख्त सजा दिलाए जाने की मांग की है।
उक्त पंचायत प्रतिनिधियों ने पांवटा पुलिस द्वारा उक्त ठेकेदार को गिरफ्तार नहीं किए जाने पर भी सवालिया निशान उठाए हैं। प्रतिनिधियों ने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से आरोपी ठेकेदार का पंजीकरण निरस्त किया जाए। ग्रामीणों ने विभाग तथा प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि इस मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की गई तो पांवटा-राजपुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया जाएगा।
