आरपार की लड़ाई को तैयार

बिलासपुर(सोनू शर्मा)पुनर्वास की व्यवस्था करने समेत अन्य मांगों को लेकर संघर्षरत फोरलेन विस्थापित अब आरपार की लड़ाई के मूड में हैं। मांगें पूरी न होने से खफा विस्थापितों ने शनिवार को कल्लर में फोरलेन का काम रुकवा दिया। इस बारे में सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। इसके चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में एसडीएम घुमारवीं व डीएसपी हेडक्वार्टर ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला। शुक्रवार को जिला मुख्यालय में रैली निकालकर विरोध-प्रदर्शन करने वाले फोरलेन विस्थापितों ने शाम को ही काम बंद करवाना शुरू कर दिया। शनिवार सुबह कल्लर गांव के पास फोरलेन का काम दोबारा शुरू हो गया। पता चलते ही काफी संख्या में वहां पहुंचे ग्रामीणों ने काम बंद करवा दिया। कुछ ही देर बार पुलिस फोर्स भी वहां पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने लोगों के नाम-पते नोट करना शुरू कर दिए। इसके चलते गिरफ्तारियों की अटकलें शुरू हो गईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो उठा। फोरलेन विस्थापित समिति के प्रधान राम सिंह ने कहा कि सरकार को कई बार समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन नतीजा जीरो रहा। कई लोगों के मकान व जमीनें फोरलेन के लिए अधिगृहित की गई हैं। उनके सामने घर के साथ रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। पहले उनके बसाव व रोजगार की व्यवस्था की जाए। उसके बाद ही फोरलेन का काम करने दिया जाएगा। इसके लिए विस्थापित बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस बीच विवाद की सूचना मिलने पर घुमारवीं के एसडीएम राजीव कुमार तथा डीएसपी हेडक्वार्टर प्रताप ठाकुर भी मौके पर पहुंच गए। उनके हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हुई। एसडीएम राजीव कुमार ने कहा कि विवाद जैसी कोई बात नहीं है। विस्थापितों व फोरलेन कंपनी के अधिकारियों के बीच बात चल रही है।

Related posts