
हल्द्वानी। संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की मीटिंग का रास्ता साफ हो गया है। मीटिंग में मुख्य अड़चन आरटीए मेंबरों को लेकर थी, जिसके नाम शासन ने तय कर दिए हैं। इसके नोटिफिकेशन हल्द्वानी और अल्मोड़ा संभागीय परिवहन कार्यालय पहुंच गए हैं।
आरटीए मीटिंग में परमिट वितरण से लेकर क्षेत्र में वाहनों के नियंत्रण के लिए नियम भी बनाए जाते हैं। आरटीए में कुमाऊं कमिश्नर अध्यक्ष एवं आरटीओ सचिव होते हैं। इसके अलावा प्रत्येक संभाग से दो-दो गैर सरकारी व्यक्तियाें का चयन होता है। नियमानुसार साल में चार बार मीटिंग होनी चाहिए, पर विवाद और दूसरी अड़चनों के चलते मीटिंग टलती रहती है। अभी मीटिंग में मुख्य अड़चन आरटीए मेंबर को लेकर थी। इनके नाम की घोषणा हुए बिना मीटिंग नहीं हो सकती थी। शासन में हल्द्वानी और अल्मोड़ा संभाग के लिए चार लोगों के नाम पर विचार चल रहा था, जिसकी प्रत्याशा में कुमाऊं कमिश्नर ने 15 नवंबर को मीटिंग तय कर दी थी। अब शासन ने नाम तय कर दिए हैं। हल्द्वानी संभाग के लिए मनीष छाबड़ा को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि दूसरे इंद्र सिंह परिहार की सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण नाम घोषित नहीं हो पाया। अल्मोड़ा में शेर सिंह लटवाल और रवि शर्मा को मेंबर बनाया गया है। आरटीओ एसके सिंह ने बताया कि मेंबर का कार्यकाल दो साल का होगा। इनका नोटिफिकेशन पहुंच गया है। रही बात हल्द्वानी में एक और मेंबर के चुने जाने की तो इसकी प्रक्रिया बाद में भी पूरी हो जाएगी।
