
शिमला। आरकेएमवी (कन्या महाविद्यालय) में नए आर्ट्स और प्रशासनिक ब्लॉक के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नए भवन बनाने के लिए भूमि संबंधित सभी दस्तावेजों जुटा लिए गए हैं। इससे उम्मीद है कि इसी सत्र में इन भवनों का निर्माण शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कॉलेज के वार्षिक समारोह के दौरान इस ब्लॉक की आधाशिला रखी थी। उन्होंने इसके लिए पांच करोड़ देने की घोषणा भी की थी। अब यह राशि बढ़ाई भी जा सकती है। आर्ट्स और प्रशासनिक भवनों के निर्माण कार्य को दो चरणों में पूरा किया जाना है। कॉलेज प्रशासन ने जमीन संबंधित दस्तावेज मामलों को सुलझा लिया है। कॉलेज प्रशासन ने उपायुक्त से पुराने भवन को गिराने की अनुमति मांगी है।
2007 से निर्माण कार्य की यह योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही थी। नए भवन बनने से कॉलेज की कक्षाएं बैठाने की समस्या हल हो जाएगी। प्राचार्य मीरा वालिया ने कहा कि उपायुक्त से पुराने भवन को गिराने की अनुमति मांगी गई है। दोनों निर्माण कार्यों के रास्ते में आ रही अड़चनों को दूर कर दिया गया है। अब उपायुक्त से भवन गिराने की अनुमति मिलने का इंतजार है। इसके बाद जमीन को लोनिवि के हवाले कर दिया जाएगा।
लोनिवि के डिविजन दो के अधिशासी अभियंता आरके श्रीधर ने कहा कि अनुमति मिलने के बाद ही निर्माण को लेकर आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें प्राक्कलन तैयार करने से लेकर टेंडर आवंटन तक की प्रक्रिया पूरी की जानी है।
