आयोग ने बढ़ाई ऑनलाइन भर्ती आवेदनों की तिथि

शिमला। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) ने प्रशासनिक कारणों के चलते ऑनलाइन भर्ती आवेदनों (ओआरए) की प्राप्ति के लिए तिथि को 11 नवंबर से बढ़ाकर 13 नवंबर 2013 रात 11.59 बजे तक निर्धारित किया है। आयोग के अवर सचिव त्रिलोक सिंह चौहान ने बताया कि अभ्यर्थी की आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, अनुभव इत्यादि की पात्रता आयोग की वेबसाइट पर आनलाइन भर्ती आवेदनों को प्रस्तुत करने के लिए 13 नवंबर रात 11.59 बजे तक मान्य होगी। निर्धारित समय अवधि के बाद यह सुविधा बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अन्य नियम एवं शर्तें विज्ञापन संख्या 2/2013 और 3/2013 के अनुरूप रहेंगी। विभाग की साइट की गति धीमी होने के कारण चार दिन से फार्म नहीं भरे जा सके थे। इस कारण युवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अमर उजाला ने युवा हिमाचल पेज पर इस खबर को प्रमुखता से छापा था। इसके अगले दिन लोक सेवा आयोग ने प्रार्थियों को दो दिन तक का अतिरिक्त समय ऑनलाइन फार्म भरने के लिए दिया है।

Related posts