
चंबा। जिला के 103 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य संस्थानों में दवाइयों की कोई कमी नहीं रहेगी। आयुर्वेदिक अस्पताल के स्टोर में 23 विभिन्न प्रकार की दवाइयों की खेप पहुंच चुकी है। खास बात यह है कि ये दवाइयां मरीजों को मुफ्त बांटी जाएंगी। आयुर्वेदिक विभाग ने अपने संस्थानों को दवाइयां वितरित करना शुरू कर दी हैं। खांसी की दवाईयां, विभिन्न प्रकार के चूर्ण, आंवला चूर्ण आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों को भेजे जा रहे हैं। अन्य कई किस्म की दवाइयां भी शामिल हैं। जिला आयुर्वेदिक विभाग ने दवाइयों की डिमांड विभाग को भेजी थी। विभाग ने डिमांड को स्वीकृति प्रदान करते हुए दवाइयों का निर्धारित कोटा भेज दिया है। अब जिला के आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों में किसी प्रकार दवाई की समस्या पेश नहीं आएगी। कुछ आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों को कोटा समाप्त हो जाने से मरीजों को बेरंग लौटना पड़ रहा था। अब मरीजों को बिना पैसे दिए स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयां मिल जाएंगी। दवाइयां लेने के लिए मरीज चिकित्सकों के पास चैकअप करवाकर दवाइयां स्वास्थ्य केंद्र में मुफ्त दवाइयां प्राप्त कर सकते हैं। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. जय प्रकाश ने बताया कि बताया कि विभाग ने समय पर दवाइयों की डिमांड भेज दी थी। दवाइयों की खेप पहुंच गई है। समस्त स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को मुफ्त दवाइयां बांटी जाएंगी।
