आयकर नोटिसों से शिक्षकों में हड़कंप

बिलासपुर। शिक्षा विभाग में आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) की कथित लापरवाही का खामियाजा अध्यापकों को भुगतना पड़ रहा है। टैक्स समय पर जमा न होने के कारण आयकर विभाग द्वारा उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं। शिक्षकों को व्यक्तिगत रूप से भेजे जा रहे नोटिसों पर हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ व विज्ञान अध्यापक संघ ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस बारे संबंधित डीडीओ को सूचना भेजने की वकालत की है।
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के जिला अध्यक्ष नरोत्तम धीमान व विज्ञान अध्यापक संघ के महासचिव शिव कुमार नड्डा ने कहा कि आयकर विभाग द्वारा वर्ष 2011-12 व 2012-13 के टैक्स के भुगतान को लेकर अध्यापकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जो सही नहीं है। कर्मचारियों द्वारा हर माह भरे जाने वाले टैक्स की कटौती टैन नंबर के तहत होती है, न कि पैन नंबर के तहत। ऐसे में टैक्स की सारी जिम्मेदारी संबंधित डीडीओ की होती है।
शिक्षक संगठनों के नुमाइंदों ने कहा कि आयकर विभाग द्वारा भेजे जा रहे नोटिसों से शिक्षक असमंजस में हैं। आयकर विभाग द्वारा इस कार्य के लिए अधिकृत व्यक्ति इसका फायदा उठाते हुए उनसे मनमाने ढंग से पैसे ऐंठ रहा है। उन्होंने आयकर विभाग से आग्रह किया कि शिक्षकों को व्यक्तिगत तौर पर नोटिस भेजने के बजाए संबंधित डीडीओ को इस बारे सूचित किया जाए। साथ ही टैक्स के लंबित मामलों को आनलाइन भी किया जाए। आयकर अधिकारी चिरंजीलाल ने कहा कि कई डीडीओ अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का टैक्स समय पर जमा नहीं करवाते। कई बार टैन या पैन नंबर अथवा नाम आदि में भी त्रुटि पाई जाती है। चूंकि आयकर रिटर्न व्यक्तिगत तौर पर भरी जाती है, लिहाजा किसी के रिकार्ड में असमानता मिलने पर नोटिस भी संबंधित व्यक्ति को ही भेजा जाता है।

Related posts