
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) की नेता और सीमापुरी विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहीं संतोष कोली की आज सिर में गहरी चोट से सुबह मौत हो गई। संतोष 30 जून की शाम एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं थी। मंगलवार की रात ब्रेन हैमरेज की वजह से संतोष की हालत ज्यादा बिगड़ गई थी। कल रात से ही आप के कई नेता और कार्यकर्ता हॉस्पिटल में मौजूद थे। सुबह हार्ट अटैक की वजह से उनकी मौत हो गई।
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया था कि यह दुर्घटना नहीं, जानलेवा हमला है। आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास के मुताबिक साजिश के तहत संतोष की गाड़ी को टक्कर मारा गया था। कुमार ने इस हादसे के पीछे स्थानीय विधायक के हाथ होने का आरोप लगाया था।
कुमार के मुताबिक, संतोष ने उन्हें स्थानीय विधायक की ओर से धमकी मिलने की बात बताई थी। संतोषी कोली के साथ हुआ हादसा काफी संदिग्ध था और पुलिस ने इसकी वजह से अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया था।
