
रोहडू(सुंदर औक्टा)नगर परिषद रोहडू में सफाई व्यवस्था आठ कर्मचारियों के सहारे चल रही है। सफाई कर्मचारियों की कमी के चलते नगर परिषद रोहडू को नगर के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था सुचारु रखने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर परिषद रोहडू में सात वार्ड हैं। इन वार्डों में दस हजार से अधिक जनसंख्या है। इसके अलावा नगर में आठ सौ से अधिक दुकानें हैं। नगर में सफाई करने के लिए मौजूदा समय में नगर परिषद के पास आठ सफाई कर्मचारी हैं, जबकि नगर परिषद को सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कम से कम 14 सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है। आलम यह है कि सप्ताह में छुट्टी के दिन सफाई का कार्य ठप रहता है। आठ कर्मचारियों के सहारे नगर को साफ सुथरा रखना नगर परिषद के लिए मुश्किल हो रहा है। नगर परिषद ने सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए कई बार सरकार से आग्रह किया है, लेकिन अभी तक नियुक्ति की स्वीकृति नहीं मिली है। सफाई कर्मचारियों के पदों को भरने के लिए नगर परिषद को सरकार की स्वीकृति का इंतजार है।
क्या कहना है नप का
नगर परिषद रोहडू के अध्यक्ष राज कुमार नीटू ने बताया कि रोहडू नगर में जनसंख्या काफी बढ़ गई है। इसका सारा दबाव नगर परिषद रोहडू की सफाई व्यवस्था पर पड़ता है। नगर से कूड़ा उठाने और सफाई करने के लिए परिषद के पास मात्र आठ कर्मचारी हैं। इस कारण रोहडू को साफ सुथरा रखना मुश्किल हो रहा है। सफाई कर्मचारियों के नए पदों को स्वीकृत करने के लिए सरकार से कई बार मांग की गई है, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से नियुक्ति को लेकर कोई आदेश नहीं मिले हैं। कर्मचारियों की कमी से नगर परिषद को दिक्कतें पेश आ रही हैं।
