
लोहाघाट। जंगल से भटककर एक सांभर शनिवार को आबादी में घुस आया। आबादी में पहुंचते ही आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया था। घबराहट में सांभर ने लोहावती नदी में छलांग लगा दी। कुछ वकीलों और अन्य लोगों ने सांभर को नदी में छलांग लगाते देख लिया और पुलिस तथा वन कर्मियों को सूचना दी। वनकर्मियों ने किसी तरह सांभर को कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के बाद जंगल में छोड़ दिया है।
चंपावत मार्ग में अक्कलधारा के पास कुछ वकीलों ने कुत्तों से घिरा सांभर देखा और इसकी जानकारी पुलिस, वन विभाग को दी। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मौके पहुंचे। तब तक सांभर लोहावती नदी में छलांग लगा चुका था।
वन कर्मियों ने लोहावती नदी से घायल हालत में सांभर को बाहर निकाल लिया। उसके सींगों, जांघ, छाती में चोट आ गई। सूचना मिलने पर पशु चिकित्सक डा. डीके चंद, फार्मासिस्ट जनक बहादुर चंद ने सांभर का प्राथमिक उपचार किया। वन दरोगा लाल सिंह देव, पुष्कर बोहरा, रामदत्त मठपाल, गजेंद्र राम, गंगा गिरि, चंपावत से आए वन दरोगा बीएम टम्टा, हरसिंह नयाल, दिवान सिंह आदि ने सांभर को उपचार के बाद एक वाहन के जरिए सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। पशु चिकित्साधिकारी डा. चंद के अनुसार सांभर की हालत सामान्य है। वह भीड़ और कुत्तों को देखकर काफी घबराया हुआ था।
