
काशीपुर। नगर में एक कालोनी के बीचोंबीच एक भूखंड पर चल रहे निर्माण को विवादित बता तनाव पैदा हो गया। संदेह है कि एक वर्ग विशेष द्वारा धार्मिक स्थल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण के विरोध में लोगों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। किसी भी बडे़ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर नहीं आने पर रोष जताया।
दुर्गा कालोनी में आबादी के बीचोंबीच बंगाली वाली गली में करीम हुसैन के भूखंड पर निर्माण चल रहा है। लोगों को संदेह है कि चुपचाप धार्मिक स्थल का निर्माण किया जा रहा है। इसकी खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोगों ने धर्मयात्रा महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री कृष्ण कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं उठा। अग्रवाल ने कहा कि वह हिंदुओं की आबादी के बीच दूसरे धार्मिक स्थल का निर्माण नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उपेक्षा के चलते अगर धार्मिक स्थल का निर्माण हुआ तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। इसके बाद लोगों ने राजस्व निरीक्षक को एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंप कर बिना अनुमति के हिंदू आबादी के बीच दूसरे संप्रदाय का धार्मिक स्थल बन रहा है। मुहल्ला काली बस्ती के पास गंगे बाबा मंदिर के निकट पहले से ही एक धार्मिक स्थल का निर्माण चल रहा था। लिहाजा जनहित में निर्माण रुकवाया जाए। इस मौके पर विजेंद्र चौधरी, आरसी पांडे, चंद्रशेखर, कैलाश उपाध्याय, विवेक विश्नोई, विजय जोशी, चंदन सिंह, महेश सैनी, अरुण लोहनी, भगवती पांडे, किरन उपाध्याय, चंपा जोशी, गौरी देवी राणा, काशी देवी, पुष्पा थापा, अनू मेहरोत्रा आदि मौजूद थे।
