आबादी के आसपास तेंदुआ दिखने से दहशत

चंपावत। यहां पूल्ड आवास कालोनी के आसपास पिछले कई दिनों से गुलदार दिखाई देने से लोग भारी दहशत में हैं। गुलदार ने इस इलाके में चरने गई तीन बकरियों को भी मार दिया है। नगरपालिका क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता से लोग भयभीत हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।
लोगों ने बताया कि पू्ल्ड आवास के आसपास पिछले कई दिनों से एक गुलदार दिखाई दे रहा है। घास काटने गई महिलाओं तथा जंगल में जानवर चराने गए लोगों ने कई बार गुलदार को देखा है। इसकी पुष्टि इस बात से भी हुई कि पूल्ड आवास कालोनी में डीएम आवास के पास ही पिछले दिनों गुलदार ने मादली निवासी भैरव दत्त पांडेय की तीन बकरियों को मार गिराया था। सभासद गिरीश पांडेय और प्रकाश नाथ ने गुलदार की सक्रियता पर चिंता जताते हुए कहा है कि स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और घास लेने जाने वाली महिलाओं के लिए यह किसी भी समय खतरे का कारण बन सकता है। उन्होंने गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
वन रेंजर एमएम भट्ट ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए जल्दी ही पिंजरा लगाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि शाम के समय अकेले घर से बाहर न निकलें।

Related posts