
शाहतलाई (बिलासपुर)। बिना बिल सामान लेकर आने वाले कारोबारियों पर आबकारी एवं कराधान विभाग ने शिकंजा कस दिया है। गत दिवस शाहतलाई क्षेत्र में रोड़ चैकिंग के दौरान विभाग ने चार कारोबारियों पर बिना बिल सामान लेकर आने पर जुर्माना ठोक दिया। इनमें से एक शख्स गैस चूल्हे लेकर आ रहा था। उधर, विभाग की इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया है।
बाहरी राज्यों से बिना बिल सामान लेकर आने वाले जरा सावधान हो जाएं। आबकारी एवं कराधान विभाग ने सरकारी खजाने में चूना लगा रहे ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। घुमारवीं में तैनात आबकारी एवं कराधान विभाग के एटीओ मनोज डोगरा की अगुवाई में टीम ने शाहतलाई क्षेत्र में रोड़ चैकिंग के दौरान चार लोगों के खिलाफ बिना बिल सामान लाने पर कार्रवाई की है। इन पर लगभग 30 हजार रुपए का जुर्माना ठोका गया है। एक व्यक्ति जो गैस चूल्हे लेकर आ रहा था, उसे 18,600 रुपए जुर्माना लगाया गया। एटीओ मनोज डोगरा ने बताया कि बिना बिल सामान लेकर आना नियमानुसार गलत है। रोड़ चैकिंग के दौरान ऐसे लगभग चार मामले सामने आए हैं। जिन पर करीब 30 हजार रुपये का जुर्माना ठोका गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभाग ऐसे लोगों पर शिकंजा कसेगा।
