
शिमला। बिजली कंपनी की ऑनलाइन बिल पेमेंट शहरवासियों के लिए राहत की बजाय आफत बन गई है। बिजली बिल जमा करवाने की आखिरी तारीख नजदीक आ गई है, लेकिन अभी तक बिलों की एंट्री कंप्यूटर पर नहीं की गई है। एक सप्ताह तक एंट्री होने के इंतजार में बैठे उपभोक्ताओं को बुधवार को बिजली कंपनी के बिल काउंटरों में जाकर लंबी लाइनों में खड़े होकर बिल जमा कराना पड़ा। जो उपभोक्ता नहीं जा सके, उन्हें अब बिजली कंपनी की लापरवाही का खामियाजा सरचार्ज चुकाकर भुगतना होगा।
राजधानी में करीब एक लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब दो हजार उपभोक्ता ऑनलाइन बिजली बिल जमा करवाते हैं। बिजली कंपनी के दफ्तरों में जाकर लंबी लाइनों में खड़े होने की बजाय ये उपभोक्ता कुछ शुल्क चुकाकर ऑनलाइन बिल पेमेंट का लाभ उठा रहे हैं, लेकिन यह सुविधा अब इन उपभोक्ताओं पर भारी पड़ती दिख रही है। बिजली कंपनी के कर्मियों की लेटलतीफी और गैर जिम्मेदार रवैये के चलते इन उपभोक्ताओं को बेवजह सरचार्ज चुकाना पड़ रहा है। शहर के कई हिस्सों में शुक्रवार को बिजली बिल जमा करवाने की आखिरी तारीख है लेकिन बुधवार देर शाम तक कंप्यूटर पर डाटा अपडेट नहीं था। मई का बिल ही कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दे रहा है।
——-
केस वन
बिजली कंपनी चुकाए सरचार्ज
वीरखाना के करण प्रकाश का बिल 428 रुपये आया है। करण ऑनलाइन ही बिल जमा करवाते हैं लेकिन बुधवार तक बिजली कंपनी की वेबसाइट पर करण के अकाउंट नंबर का डाटा अपडेट नहीं हुआ है। ऐसे में करण या तो अब बिजली दफ्तर जाकर लंबी लाइनों में लगेंगे या अंतिम तिथि गुजरने के बाद सरचार्ज चुकाएंगे। 428 रुपये के बिल में करण को आठ रुपये सरचार्ज चुकाना पड़ेगा। करण का कहना है कि यह सरचार्ज बिजली कंपनी को चुकाना चाहिए।
——–
केस टू
भ्रमित कर रहे बिजली कंपनी के दावे
छोटा शिमला के सुशील शर्मा का बिल 531 रुपये आया है। इन्हें अंतिम तिथि के बाद 10 रुपये का सरचार्ज लगना है। सुशील ने बताया कि बुधवार सुबह तक भी जब डाटा अपडेट नहीं मिला तो उन्होंने काउंटर में जाकर डेढ़ घंटे तक लाइन में खड़े होकर अपना बिल जमा करवाया। बिजली कंपनी ऑनलाइन बिल पेमेंट को लेकर रेडियो में रोज विज्ञापन देती है। बेहतर होगा, अगर विज्ञापन पर खर्च करने की बजाय अपनी कार्यप्रणाली सुधारे और लोगों को भ्रमित न करे।
——-
डाटा अपडेट के दिए आदेश
बिजली कंपनी के अधिशासी अभियंता सीके चतुर्वेदी ने कहा कि आईटी विभाग को सारे शहर का डाटा अपडेट करने के आदेश दिए हैं। अंतिम तिथि से पहले सारा डाटा अपडेट कर दिया जाएगा। जिन कर्मियों की लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
——
ऐसे जमा होगा आनलाइन बिल
बिजली कंपनी की वेबसाइट hpseb.com पर लॉग ऑन करें। यहां पर ऑनलाइन पेमेंट का लिंक मिलेगा। इस लिंक को क्लिक करने के बाद अपने बिजली मीटर का के नंबर और ईमेल पता लिखें। लिखे गए ईमेल पर उपभोक्ता को बिजली कंपनी एक पासवर्ड भेजेगी। इस पासवर्ड और अपनी ईमेल के जरिये उपभोक्ता का ऑनलाइन बिलिंग अकाउंट बन जाएगा। इसके बाद दोबारा ऑनलाइन पेमेंट के लिंक पर जाएं। यहां लॉकइन की ऑप्शन मिलेगी। यहां पर अपना ईमेल पता, पासवर्ड लिखें और ऑनलाइन भुगतान करें।
