‘आप’ पार्टी का नया हथियार ‘खुफिया कैमरा’

‘आप’ पार्टी का नया हथियार ‘खुफिया कैमरा’

नई दिल्ली: दिल्ली में 4 दिसंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। अब आखिरी दौर में वोटरों को लुभाने के लिए दिल्ली के कुछ इलाकों में शराब बांटने की कोशिश हो रही है। कल दिल्ली के बादली इलाके में सैकड़ों बोतल शराब जब्त की गई। ऐसे में आम आदमी पार्टी ने खुफिया कैमरे लगा दिए गए तांकि जो शराब के जरिए वोट खरीदने की कोशिश कर रहे हैं उन्हे बेनकाब कर सकें। दिल्ली के अलग-अलग ठिकानों में आम आदमी पार्टी ने 2000 खुफिया कैमरे लगाए हैं।

‘आप’ के मुताबिक उसके कार्यकर्ताओं ने बादली गांव में शराब की बोतलों को खुफिया कैमरे में कैद कर लिया। जिनका इस्तेमाल वोटरों में बांटने के लिए किया जाने वाला था। आम आदमी पार्टी के मुताबिक उसने हाई रेजोल्यूशन वाले 2000 खुफिया कैमरे खरीदे हैं। इन कैमरों को दिल्ली की झुग्गियों, ग्रामीण इलाके और पुनर्वास कॉलोनियों में लगाया गया है।

ये कैमरे रात के अंधेरे में भी साफ तस्वीरें ले सकते हैं। इन कैमरों का इस्तेमाल करने के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को बकायदा ट्रेनिंग दी है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि वो कैमरे की रिकॉर्डिंग को चुनाव आयोग को दे देंगे, ताकि वो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर सके। आम आदमी पार्टी का कहना है कि वो ना तो वोट खरीदेगी और ना ही किसी और को ऐसा करने देगी।

Related posts