आपदा से बचने को ऊँ नम: शिवाय का जाप

जाखनी/अस्कोट। आदिगुरु शंकराचार्य द्वारा स्थापित गंगोलीहाट के जाखनी स्थित वैष्णवी मंदिर में 24 घंटे का ऊँ नम: शिवाय का जाप कर उत्तराखंड को प्राकृतिक आपदा से बचाने की कामना की गई। अस्कोट और धारीधमौड़ा में महाशिवपुराण यज्ञ का पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया है।
सात हजार फीट की ऊंचाई में स्थित गंगोलीहाट के वैष्णी देवी मंदिर में हर संक्रांति को मानव कल्याण के लिए ऊँ नम: शिवाय महामंत्र का जाप किया जाता है। मंदिर स्थित श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के महंत चेतन गिरी महाराज ने इस बार उत्तराखंड को आपदा से बचाने और आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा शांति के लिए जाप करने का निर्णय लिया। यज्ञ, हवन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया।
उधर, जिला मुख्यालय के नजदीक धारीधमौड़ा में व्यास भुवन चंद्र पंत ने सुंदर गिरी महाराज की मौजूदगी में महाशिवपुराण का पारायण कराया। अस्कोट के मल्लिकार्जुन मंदिर में व्यास भाष्कर दत्त जोशी ने विधि विधान से पारायण कराया।

Related posts