
थराली/देवाल। पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी ने तहसील के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों में सरकार को फेल बताया। भ्रमण के दौरान उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ाकर प्रभावितों की पुनर्वास की राह मुश्किल की जा रही है।
शुक्रवार को पूर्व सीएम खंडूड़ी ने मुख्य बाजार, मस्जिद मार्केट, नासिर बाजार आदि स्थानों पर प्रभावितों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर बिफल है। वह केवल दो लाख देने को लेकर हो हल्ला मचा रही है, लेकिन स्थिति यह है कि आज भी पिंडरघाटी गढ़वाल के अन्य हिस्सों से कटी है। दूसरी ओर, देवाल ब्लाक सभागार में आयोजित बैठक में पूर्व सीएम ने कहा कि आपदा के दो माह बाद भी सरकार गांवों की सड़कें और पैदल मार्गाें को नहीं खोल पाई है। गोदामों में राशन व अन्य सामान सड़ रहा है, लेकिन वह प्रभावितों तक नहीं पहुंच पया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद कपरवान, ब्लाक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, नारायणबगड़ के प्रमुख मगन लाल शाह, प्रदेश सदस्य नंदी कुनियाल, दलवीर दानू, रमेश कुनियाल, जिला संयोजक हेमवती नंदन मिश्र, पुष्कर सिंह बिष्ट, आशीष थपलियाल, केशर सिंह बिष्ट, सरोप सिंह गडिया मौजूद थे।
