
अगस्त्यमुनि। आपदा के दौरान सराहनीय कार्य करने वालाें को कलश चैरिटेबल ट्रस्ट ने सम्मानित किया। आपदा प्रभाविताें की भी आर्थिक मदद की। रामलीला मैदान अगस्त्यमुनि में सादे समारोह में आपदा के दौरान सराहनीय कार्य करने के लिए केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य केएस दुग्ताल, जिला पंचायत सदस्य अवतार सिंह राणा, युवक मंगल दल बनियाड़ी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष ओमप्रकाश सेमवाल ने कहा कि आपदा के दौरान स्थानीय लोगाें ने बढ़-चढ़कर मदद की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार पदम सिंह गुसाईं ने इसे सराहनीय पहल बताया। ट्रस्ट ने आपदा प्रभावित शोभा गोस्वामी (सिल्ली), रघुवीर लाल (चाका), हाट गांव की सोनम को पांच-पांच हजार की सहायता राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में प्रकृति संस्था व दस्तक टीम अगस्त्यमुनि को भी राहत कार्यों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्यूंजा से आए नवोदित गढ़वाली कवि सतपाल कुमार ने अपनी कविता के माध्यम से आपदा में मरे लोगाें को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उमा भट्ट, सुधीर बर्त्वाल, जगदंबा चमोला, हेमंत चौकियाल, गजेंद्र रौतेला, धीरेंद्र नेगी, उमेश कांडपाल, दीपक बेंजवाल, हरीश गुसाईं, कालिका प्रसाद कांडपाल उपस्थित थे।
