आपदा में लापता लड़की के बदले पांच लाख

नई टिहरी। आपदा में खााए अपनों का इंतजार कर रहे लोगों का दर्द अब कुछ सिरफिरे लोगों की फोन कॉल बढ़ा रही है। चोपड़ियालगांव से लापता एक परिवार के 13 सदस्यों में से एक लड़की को अपने पास बताते हुए कुछ लोगों ने उसे लौटाने के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग की है। जिससे परिजन खासे परेशान हैं। पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, लेकिन अभी तक फिरौती मांगने वालों का कोई पता नहीं चल पाया है।
चोपड़ियाल गांव के भगवती प्रसाद डबराल अपने 12 परिजनों के साथ पिछले माह केदारनाथ यात्रा पर गए थे, लेकिन 16-17 जून कोे आई आपदा के बाद तीन लोग ही वापस आए। अन्य सभी लापता है। उनके रिश्तेदार दीपक चमोली ने बताया कि चंडीगढ़ में रह रहे एक परिचित ने गायब लोगों की फोटो फेसबुक पर डालकर उन्हें ढूंढने की अपील की तो, उन्हें एक फोन कॉल आई। फान करने वाले का कहना था कि उनकी परिवार की सदस्य साक्षी डबराल उनके पास है, अगर पांच लाख दे दें तो लड़की उन्हें सौंप देंगे। इसके लिए उन्होंने बाकायदा बैंक खाता नंबर भी दिया है, जो अंबाला के एक बैंक का बताया गया है। जबकि जिस नंबर से कॉल आई थी वह विदेश का था। इसकी संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराकर फोन कॉल और खाताधारक का पता लगाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
थानाध्यक्ष ऐश्वर्यपाल का कहना है, कि इस तरह की इंटरनेट कॉलिंग अक्सर फर्जी होती है। फोन नंबर अरब-अमीरात का है। फोन नंबर और बैंक खाते की जांच कराई जा रही है।

Related posts