
रुद्रप्रयाग। बारिश और जगह-जगह भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक बह गया। जबकि दस लोग घायल हो गया।
गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर रामबाड़ा में दोपहर बाद भूस्खलन से आए मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दस लोग घायल हो गए। घायलाें को पुलिस, प्रीपेड काउंटर के कर्मचारियाें और स्थानीय ने बाहर निकाला। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंतुरा ने बताया कि मृतकाें और घायलाें की अभी पहचान नहीं हो पाई है। वे यात्री हैं या स्थानीय लोग पता नहीं चल पाया है। गौरीकुंड से लेकर केदारनाथ तक विभिन्न स्थानाें पर 25 खच्चर पानी में बह गए हैं।
वहीं रुद्रप्रयाग-केदारनाथ मोटर मार्ग पर बना कुंड पुल भी धंस गया है। पुल से एक युवक यशवीर पंवार (25 वर्ष) पुत्र सूरज सिंह बह गया। पुल के दोनाें छोराें पर मंदाकिनी नदी बह रही है जिससे यहां जल्द यातायात सुचारु होने की उम्मीद कम है। मौसम की खराबी को देखते हुए प्रशासन ने हाईअलर्ट घोषित कर दिया है। शक्तिपीठ कालीमठ मंदिर को जोड़ने वाला पैदल पुल भी नदी में बह गया। केदारनाथ पैदल मार्ग पर भीमबली में पानी के बहाव में तीन दुकानें बह गईं। इस घटना में दो मजदूराें की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि पांच लोगाें को रेस्क्यू दल ने बाहर निकाल दिया। इसमें एक घायल व्यक्ति का उपचार गौरीकुंड अस्पताल में चल रहा है।
