आपदा में कितने हताहत अनुमान नहीं: नेगी

कोटद्वार। स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में युद्धस्तर से जुटी हुई है। आपदा में कितने लोग मारे गए, इसका ठीक अनुमान लगाना अभी संभव नहीं है, लेकिन फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द निकाला जा रहा है। इस दौरान नगर के उद्यमियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 3.5 लाख रुपये की राशि स्वास्थ्य मंत्री को सौंपी।
मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और उद्यमियों आदि के साथ आपदा राहत कार्यों को लेकर आयोजित बैठक में स्वास्थ्य मंत्री नेगी ने कहा कि वह स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लौटे हैं। सभी जगह डाक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों की टीम मुस्तैद है और प्रभावितों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। नेगी ने कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में सभी को धैर्य बनाए रखते हुए मिल-जुलकर काम करना होगा। इस दौरान जशोधरपुर इंडस्ट्रीयल एरिया के उद्यमियों ने संयुक्त रूप से 3.5 लाख रुपये की सहायता आपदा राहत कोष के लिए दी।
इस दौरान चंद्रमोहन खर्कवाल, विजयनारायण सिंह, गुड्डू चौहान आदि मौजूद रहे।

Related posts