आपदा प्रभावितों के लिए बनाए जा रहे अस्थाई आवास

अल्मोड़ा। लोक विज्ञान संस्थान (पीएसआई) द्वारा आपदा पीड़ितों के रहने के लिए अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रूद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी में अस्थाई आवास बनाने की तैयारियां चल रही हैं। अभी तक अल्मोड़ा जिले में दो आवास तैयार किए गए हैं।
पीएसआई के कार्यक्रम प्रबंधक पूरन बर्त्वाल ने बताया कि रूद्रप्रयाग जिले में 18 और अल्मोड़ा जिले में दो अस्थाई आवास तैयार किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में बादल फटने, बाढ़ और भू स्खलन की आपदा से हजारों परिवार मकान बहने और टूटने से बेघर हो गए हैं। दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अधिकांश प्रभावित परिवार रहने के लिए छत की तलाश में भटक रहे हैं। इसलिए यह अस्थाई आवास बनाए जा रहे हैं। अस्थायी आवास निर्माण पर ईको एडवेंचर कैंप सिमखोली में दो दिवसीय मिस्त्री प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
मुख्य प्रशिक्षक और लोक विज्ञान संस्थान के इंजीनियर राजेश कुमार ने कहा कि टिन और बल्लियों से बनाए जाने वाले इन अस्थायी आवासों में आवास एक से डेढ़ दिन में बनाने, टिनशेड के अंदर प्रभावित परिवार को पर्याप्त स्थान, प्रयुक्त सामग्री का प्रयोग भविष्य में पक्के मकानों के निर्माण में भी किया जा सके इन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बजेल के बच्ची राम ने अस्थायी आवास के लिए महिला हाट और पीएसआई का आभार जताया। इस मौके पर महिला हाट के कार्यक्रम समन्वयक राजू कांडपाल आदि मौजूद थे।

Related posts