
थत्यूड़ (टिहरी)। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि आपदा प्रभावितों को हर संभव मदद देने के लिए मानकों में जरूरी बदलाव किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क की सुविधाएं प्राथमिकता से बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में इस आपदा से 37 हजार वर्ग किमी क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिसे संवारने में सरकार ने तत्परता से कार्य शुरू किया है।
बृहस्पतिवार को जौनपुर ब्लाक मुख्यालय थत्यूड़ पहुंचे सीएम ने अधिकारियों की बैठक ली और आपदा से हुए नुकसान की भरपाई को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि आपदा से हुई क्षति का आकलन कर शीघ्र ही मुआवजा दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि आपदा के मानकों में बदलाव करते हुए पूर्ण क्षतिग्रस्त भवन का 2 लाख और आंशिक क्षतिग्रस्त होने पर एक लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। आपदा में मरे दो लोगों को शीघ्र ही 5-5 लाख दिए जाएंगे। उपजाऊ भूमि नष्ट होने पर 25 हजार प्रतिनाली और पशुओं का मुआवजा भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा से छात्रों को भी नुकसान उठाना पड़ा है, उन्हें राहत के तौर पर इंटरमीडिएट के छात्र को पांच सौ तथा इससे आगे के छात्रों को एक हजार और सभी लोगों को सस्ते गल्ले की राशन उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बंद पड़ी 11 सड़कों को 25 जुलाई तक खोलने तथा पेयजल योजनाओं की मरम्मत कर जलापूर्ति कराने के निर्देश दिए गए। सीएम ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर धनोल्टी के विधायक महावीर सिंह रांगड, मसूरी के पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, ब्लाक प्रमुख गीता रावत, जोत सिंह बिष्ट, विजय सिंह गुर्साइं, देवी सिंह चौहान और महिपाल रावत आदि मौजूद थे।
