
बागेश्वर। जिले में दैवीय आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील 200 स्कूल कालेजों का राष्ट्रीय विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के लिए चयन किया गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंध प्राधिकरण के तहत इन विद्यालयों के भवनों को बाढ़, भूस्खलन और भूकंप की दृष्टि से सुदृढ़ किया जाएगा। बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से 500 शिक्षकों को आपदा प्र्रबंधन और बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंध प्राधिकरण ने देश के 22 प्रांतों में आपदाआें की दृष्टि से अति संवेदनशील 43 जिलों का चयन किया है। इनमें कुल 86 सौ स्कूलों को संवेदनशील माना गया है। इनमें उत्तराखंड का बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिला भी शामिल है। बागेश्वर की एक हजार सरकारी, अर्द्धसरकारी संस्थाओं में प्राइमरी से लेकर इंटर तक के कुल दो सौ स्कूल शामिल हैं। जिन्हें राष्ट्रीय आपदा प्रबंध प्राधिकरण के विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम में शामिल किया गया है। इसके तहत प्राधिकरण के माध्यम से भवनों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के काम होंगे। संचालन के लिए प्रत्येक जिले में विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के परियोजना अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। बागेश्वर जिले में दौ सौ स्कूलों से पांच सौ शिक्षकों को यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को भी जागरूक किया जाएगा।
