
बागेश्वर। जिले में दैवीय आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील जिन दो सौ स्कूल, कालेजों का राष्ट्रीय विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के लिए चयन किया गया है, वहां के पांच सौ शिक्षकों को आपदा प्र्रबंधन और बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसकी शुरुआत पांच अगस्त को बागेश्वर ब्लाक से होगी।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंध प्राधिकरण ने देश के 22 प्रांतों में 43 जिलों के कुल 8600 स्कूलों को आपदा की दृष्टि से संवेदनशील माना है। इनमें उत्तराखंड का बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिला भी शामिल है। बागेश्वर में प्राइमरी से लेकर इंटर तक के दो सौ स्कूल शामिल हैं। जिन्हें राष्ट्रीय आपदा प्रबंध प्राधिकरण के विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम में शामिल किया गया है। कार्यक्रम के जिला प्रभारी योगेश मैनाली ने बताया कि इस कार्यक्रम में भवनों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के साथ ही छात्र-छात्राओं को बचाव और प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। बागेश्वर जिले में दौ सौ स्कूलों से पांच सौ शिक्षकों को यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से शिक्षक और शिक्षकों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को दक्ष किया जाएगा। बागेश्वर ब्लाक से इसकी शुरुआत पांच अगस्त को होगी। 35 शिक्षकों के पहले समूह को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। सुबह दस बजे यहां एक होटल में सीडीओ रोशन लाल इसका उद्घाटन करेंगे।
