आपदा प्रबंधन को 10 लाख के उपकरण

चंबा। प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए 10 लाख के आधुनिक औजार रखे जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। 15 जुलाई के भीतर आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे। इनमें 45 किस्म के उपकरण शामिल हैं। इससे दमकल कर्मियों को आपदा से निपटने में सुविधा मिलेगी। होमगार्ड कमांडेंट कुलदीप शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जुलाई माह में उपकरण खरीदे जाएंगे। मंगलवार को कसाकड़ा मुहल्ले में हुए अग्निकांड की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी घटना स्थल के लिए रवाना हो गए थे। फायर बिग्रेड की गाड़ियों को वाया भरमौर चौक से तीन किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ा। फायर कर्मी पूरी निष्ठा के साथ कार्य को अंजाम दे रहे हैं। होमगार्ड कमांडेट कुलदीप शर्मा, फायर स्टेशन प्रभारी कैलाशो राम, दमकल कर्मी पवन राणा, महेंद्र शर्मा, देवराज, राज सिंह राणा, लोकिंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, ध्यान सिंह, सुरेंद्र ने घटना पर दुख प्रकट किया है।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि शहर में मौजूद 102 हाइड्रेंटों में 98 के करीब हाइड्रेंट खराब हैं। इनको अभी ठीक नहीं करवाया गया है। अधिकतर हाइड्रेंट मलबे के नीचे दबे हुए हैं। इनके ऊपर लोगों ने निर्माण कार्य करवा दिया है। इससे कई बार भीषण अग्निकांड होने पर दिक्कतें पेश आती हैं। खराब हाइड्रेंटों की मरम्मत करवाना बेहद जरूरी है। हाइड्रेंट की पाइप लाइन काफी पुरानी होने के कारण पानी जमीन में भी रिस जाता है। इसलिए पानी निर्धारित समय में हाइड्रेंटों में नहीं पहुंचता है। हाइड्रेंटों में पानी पहुंचाने में करीब आधा घंटा लग जाता है।

Related posts