आपदा प्रबंधन के लिए विशेषज्ञों का दल गठित : सीएम

बागेश्वर। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने जिला मुख्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपदा के कारण होने वाले जानमाल के नुकसान से संबंधित मुआवजे की राशि बढ़ा दी गई है। राज्य में आपदा प्रबंधन की ठोस नीति बनाने के लिए विशेषज्ञों के दल का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री शाम को कुछ देर के लिए कपकोट पहुंचे। यहां एसडीएम कैलाश टोलिया और तहसीलदार मदन सिंह बिरोड़िया ने उन्हें संपत्तियों के नुकसान का ब्योरा दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से बागेश्वर के डिग्री कालेज मैदान में उतरे। उन्होंने कालेज के कार्यालय में अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सड़कों से मलबा हटाने, पिंडर घाटी के प्रभावित गाँव में दवा और इलाज की सुविधा मुहैया कराने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान प्रत्येक मृतक आश्रित को पांच लाख, पूर्ण मकान की क्षति पर दो लाख, प्रति मृत बकरी तीन हजार और खच्चर मरने पर 20 हजार का मुआवजा लागू कर दिया गया है। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि आपदा के कारण काफी अधिक समस्याएं हैं। इस वक्त धैर्य की जरूरत है। आपदा से गढ़वाल में दो सौ गांव प्रभावित हैं। राहत के लिए केंद्र सरकार से पर्याप्त मात्रा में धन मिला है। उन्होंने कहा कि भविष्य में आपदाओ के नुकसान को रोकने के लिए विशेषज्ञों का दल बनाया जा रहा है। जो ठोस नीति तय करेगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा, विधायक चंदन राम दास, सोमेश्वर के विधायक अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम शाही, ब्लाक प्रमुख राजेंद्र टंगड़िया, सुबोध उनियाल, जिलाधिकारी बीएस मनराल, पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती, एसडीएम फींचा राम आदि अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts