
गुप्तकाशी। केदारनाथ त्रासदी में प्रभावित हुए छात्र-छात्राआें के लिए उत्तरांचल दैवी आपदा सहायता समिति की ओर से निशुल्क शिक्षा और आवासीय सुविधा की व्यवस्था की गई है। धार्मिक अनुष्ठान के साथ गुप्तकाशी में समिति ने छात्रावास का शुभारंभ किया। पहले दिन छात्रावास में कालीमठ घाटी के 15 छात्राें ने दाखिला लिया।
समिति के संगठन मंत्री राजेश थपलियाल ने बताया कि केदारनाथ त्रासदी के कारण कई बच्चे अनाथ हो गए। ऐसे बच्चाें की शिक्षा न छूटे इसके लिए समिति ने निशुल्क शिक्षा और आवासीय व्यवस्था की है। गुप्तकाशी स्थित छात्रावास में कक्षा 6 से 12 तक के छात्राें को शिक्षा और आवास की व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी। उन्हाेंने बताया कि 6 से 8 तक के छात्राें को सरस्वती विद्या मंदिर और इससे ऊपर के छात्राें को जीआईसी गुप्तकाशी में प्रवेश दिया जाएगा। उच्च शिक्षा वाले प्रभावित छात्राें को देहरादून में शिक्षा मुहैया कराई जाएगी।
इस मौके पर पूर्व प्रमुख ममता नौटियाल, कमल रावत, सुंदर लाल सेमवाल, डॉ आशुतोष किमोठी, पृथ्वीधर शुक्ला, मदन सिंह नेगी, वेदप्रकाश सेमवाल और मस्तान सिंह नेगी समेत कई लोग उपस्थित थे।
