आपदा पीड़ितों को मुआवजे का वितरण शुरू

टनकपुर। आपदा प्रभावितों के चिह्नीकरण के साथ ही प्रशासन ने पीड़ितों को मुआवजे का वितरण शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नायब तहसीलदार ख्याली राम ने 107 परिवारों को मुआवजा राशि के चेक प्रदान किए।
गत 17 जून को उफनाई शारदा नदी से शारदा चुंगी कालोनी में काफी तबाही मची थी। आपदा से सैकड़ों परिवार बेघर हो गए, जो आज भी राहत कैंप में शरण लिए हुए हैं। मुआवजे के लिए प्रभावितों के चिह्नीकरण को लेकर बवाल मचने के बाद प्रशासन ने प्रभावितों का दोबारा चिह्नीकरण के साथ ही मुआवजे का वितरण शुरू कर दिया है। नायब तहसीलदार ने शुक्रवार को शारदा चुंगी कालोनी की सभासद जया देवी और मुकेश साहू की मौजूदगी में 107 आपदा पीड़ितों को मुआवजा राशि के चेक वितरित किए। प्रभावितों को 2700 रुपये प्रति परिवार मुआवजा राशि दी गई है नायब तहसीलदार ने बताया कि अब तक करीब 121 प्रभावितों को मुआवजा दिया जा चुका है और 41 प्रभावितों की क्षति की जांच की जा रही है।

Related posts