आपदा पीड़ितों के मददगार बने आइस और मोनाल के लोग

पिथौरागढ़। साहसिक खेलों के उत्थान में लगी जिले की आइस और मोनाल संस्था आपदा पीड़ितों की तत्परता से मदद करने में जुटी हुई है। तबाह हो चुके रास्तों से लोगों को निकालने का काम किया जा रहा है। संस्था ने कहा है कि उन्हें उपकरण मिल जाएं तो आपदा के समय स्वयं रेस्क्यू आपरेशन चला सकते हैं।
मदकोट, बंगापानी क्षेत्र के पांच दिन तक बचाव और राहत कार्य कर लौटे आइस संस्था के बासू पांडे और मोनाल के सुरेंद्र पंवार ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के हालात गंभीर बताते हुए कहा कि उमरगाड़ा समेत कई स्थानों में आपदा प्रभावितों के पास खाने का सामान नहीं है। रहने की कोई व्यवस्था नहीं है। प्रशासन के राहत दल दूरस्थ गांवों तक नहीं पहुंचे हैं। बताया कि भगुवा नामक स्थान पर मदकोट सड़क पूरी तरह गोरी नदी में समा गई है। उक्त स्थान पर लोगों को नदी में उतरकर आगे बढ़ना पड़ रहा है।
बताया कि मदकोट क्षेत्र में एक रेस्क्यू टीम का गठन किया गया है। रेस्क्यू टीम में शामिल बृजेश धर्मशक्तू, काशी सिंह, कुंदन राम, दीपक पंवार समेत तमाम युवा आपदा प्रभावितों को लगातार मदद पहुंचा रहे हैं। संस्था मजदूर लगाकर भी लोगों तक राहत सामग्री पहुंचा रही है।

Related posts