आपदा ने लगाया कर्णप्रयाग-ग्वालदम मार्ग पर ब्रेक

कर्णप्रयाग। पिंडरघाटी की लाइफ लाइन कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग करीब दस स्थानों पर भयावह बना हुआ है। बगोली से नलगांव के बीच तीन स्थानों पर सड़क पूरी तरह से साफ हो चुकी है। भले ही बीआरओ66आरसीसी गौचर द्वारा मार्ग को दुरस्त करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
66 किमी लंबे कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग आपदा ने खासा प्रभावित हुआ है। सिमली के निकट मार्ग पर जहां भारी कीचड़ जमा हो रखा है। वहीं कई स्थानों पर भारी बोल्डर और मलबा गिरा हुआ है। जबकि बगोली से नलगांव के बीच मार्ग तीन स्थानों पर पूरी तरह से साफ हो चुका है। यहां पर बमुश्किल आधा फिट सड़क बची हुई है, जिससे लोग आरपार हो रहे हैं। जबकि नलगांव में निर्माणाधीन पुल के निकट गदेरे के ऊफान से सड़क तबाह हो चुकी है। यहां पर गदेरे के ऊफान के बाद मलबे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे होकर लोग सड़क पार कर रहे हैं। नारायणबगड़ मुख्य बाजार से कुछ दूरी पर करीब पांच सौ मीटर सड़क पिंडर नदी में समा चुकी है। क्षेत्र का तहसील मुख्यालय थराली से पूरी तरह से संपर्क कट चुका है। हरमनी में भी सड़क का कई मीटर हिस्सा ध्वस्त हो चुका है।
बीआरओ के कमान अधिकारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग को बरसात से काफी नुकसान हुआ है। लेकिन प्रयास किए जा रहे हैं कि मार्ग पर जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जाए। बुधवार को नलगांव में बीआरओ का जेसीबी मलबा साफ करने में जुटा रहा। वहीं जिन स्थानों पर सड़क साफ हुई है, वहां पर हल्के वाहनों के संचालन के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे हैं।
यहां भी हालात गंभीर
ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर कमेड़ा के समीप भू-धसाव जारी होने से वाहनों के संचालन में मुश्किलें हो रही हैं। बीआरओ द्वारा मार्ग पर सुधार कार्य जारी है। लेकिन यहां पर स्थिति संवेदनशीन बनी हुई है। इधर गौचर से कर्णप्रयाग के बीच पंचपुलिया के निकट भी मार्ग पर एक पुश्ता ढहा है।

Related posts