आपदा के हताहतों की याद में बनाएंगे स्मृति वाटिका

कोटद्वार। आपदा की पीड़ा झेल रहे लोगों को राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। राहत सामग्री भेजने और पीड़ितों की मदद के लिए निजीस्तर पर तो लोग काम कर ही रहे हैं। विभिन्न संस्थाएं और अलग-अलग ग्रुप बनाकर भी लोग मदद जुटाने में लगे हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यकर्ता आपदा में हताहत हुए लोगों की याद में स्मृति वाटिका विकसित करेंगे।

राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि वन महोत्सव के तहत सात जुलाई तक और वृक्षारोपण दिवस 25 जुलाई को पौधे लगाकर स्मृति वाटिका तैयार की जाएगी। हर इकाई के लिए इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पीड़ितों की सहायता के लिए सहयोग राशि भी एकत्रित की जाएगी। यह राशि एनएसएस जिला प्रकोष्ठ के माध्यम से आपदा राहत कोष में भेजी जाएगी।
दंपति ने दिए डेढ़ लाख
– आपदा पीड़ितों को सहायता देने के लिए कोटद्वार के एक दंपति ने डेढ़ लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए। कोटद्वार निवासी पूर्व प्रधानाचार्य संध्या नेगी ने एक लाख और उनके पति पूर्व प्रधानाचार्य केसी नेगी ने 50 हजार रुपये का चेक एसडीएम अनिल गर्ब्याल के माध्यम से मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराया।

आर्य समाज भी जुटाएगा सहायता राशि
– आर्य समाज की हल्दूखाता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि गढ़वाल में आर्य समाज की सभी इकाईयां अपने-अपने स्तर पर सहायता राशि जुटाएंगी। यह राहत राशि उप प्रतिनिधि सभा गढ़वाल के खाते में जमा कराई जाएगी। बैठक में आपदा में मारे गए लोगों की आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर हल्दूखाता के प्रधान सुरेंद्र लाल आर्य, सतेंद्र प्रकाश, नंदन सिंह रावत, सुखदेव शास्त्री, प्रताप सिंह, विक्रम सिंह आदि मौजूद थे।

राहत राशि का ट्रक भेजा
– उत्तराखंड लोक साहित्य एवं सांस्कृतिक मंच और भारत विकास परिषद के संयुक्त प्रयासों से एक ट्रक खाद्य सामग्री का श्रीनगर दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान में भेजा गया। जिसमें आटा, चावल, चीनी, दाल, तेल आदि खाने का सामान शामिल है। मंच के अध्यक्ष पीएल खंतवाल ने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं को आपदा पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने का आह्वान किया गया है।

जखवाल परिवार को दी आर्थिक सहायता
दुगड्डा। प्राकृतिक प्रलय में बस सहित बह गए ग्राम बस्यूर निवासी बस चालक घनश्याम जखवाल की पत्नी को बांसी ग्रामसभा के निवासियों ने आर्थिक सहायता प्रदान की। इस अवसर पर 9113 रुपये की धनराशि एकत्रित कर बसंती देवी को सौंपी। इस अवसर पर भानकोट के ग्राम प्रधान धीरेंद्र सिंह, बांसी के ग्राम प्रधान सूरजपाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य दान सिंह, ग्रामीण खुशहाल सिंह गोविंद सिंह मनमोहन रावत आदि मौजूद थे।

महिला कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि
कोटद्वार। जिला महिला कांग्रेस की बैठक में उत्तराखंड में आई आपदा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दो मिनट का मौन भी रखा गया।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुसुम असवाल, प्रवक्ता एवं प्रभारी रेशमा छाबड़ा, स्मिता भंडारी, शहनाज शम्शी, बबीता रावत, मीना घनसाला, कमला जोशी, सुनीता कांडपाल, गायत्री रावत, आकृति कुकरेती, गंगा देवी, चित्रा नेगी, गायत्री देवी, चंचल शर्मा और पूजा रानी आदि बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related posts