
हल्द्वानी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता भुवन चंद्र खंडूरी का मंगलवार से कुमाऊं के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री के काठगोदाम पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। खंडूरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार की कथनी-करनी की पोल आपदा के बाद खुल गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समर्पित होकर अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा।
पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित इलाकों में बचाव एवं राहत पहुंचाने में विफल साबित हुई है। प्रभावित इलाकों में पुनर्वास तो दूर अब तक राशन ही नहीं पहुंच सका है। हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। छत छिनने के बाद पेट भरने के लिए भोजन के लाले पड़े हैं। पीड़ितों की मदद के लिए देश एवं प्रदेश से लोगों ने आपदा प्रभावित इलाकों के लिए पर्याप्त राशन भेजा है। सरकार के नुमाइंदे राशन को प्रभावित और पीड़ितों तक नहीं पहुंचा सके हैं। लोगों की ओर से भेजा गया राशन सड़ रहा है।
खंडूरी ने कहा कि 20 से 24 अगस्त तक कुमाऊं के आपदा प्रभावित इलाकों का वह दौरा करेंगे। पीड़ितों से बातचीत कर 24 अगस्त को रामनगर में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष दीपक मेहरा, विधायक बंशीधर भगत, प्रकाश रावत, तरुण बंसल, चंदन बिष्ट, दिनेश खुल्बे, विजय मनराल, ललित आर्य, मंजू तिवारी, अनिल डब्बू, रेनू अधिकारी, शांति भट्ट, दीपा भंडारी, हुकुम सिंह कुंवर, नवीन पंत मौजूद थे।
