आपदा की मार, योजनाओं को अरबों का नुकसान

पौड़ी। गढ़वाल मंडल में आपदा से कई अरब का नुकसान हुआ है। आपदा से सड़क, पानी और बिजली की योजनाओं को 4.67 अरब की चपत लगी है। नुकसान का आंकड़ा दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है।
प्रदेश में आई दैवी आपदा से गढ़वाल मंडल को काफी नुकसान हुआ है। लोनिवि, जल संस्थान, जल निगम और ऊर्जा निगम रोज बरसात से हो रही क्षति का आंकलन कर रहे हैं, जो बढ़ता ही जा रहा है। वहीं राजस्व, कृषि, उद्यान विभाग क्षति का आंकलन नहीं कर पाए हैं। विभागों के अनुसार आपदा से मंडल में सड़क, पानी और विद्युत इन तीनों विभागों को 4.67 अरब का नुकसान हुआ है। जिसमें सर्वाधिक 3.76 अरब की क्षति लोक निर्माण विभाग को हुई है। आपदा से जल संस्थान की स्कीमों को 48.48 करोड़ का नुकसान हुआ है। जल निगम योजनाओं को 18.94 करोड़ का और ऊर्जा निगम की बिजली की लाइनों को 22.99 करोड़ की क्षति हुई है।

इंसेट
उत्तरकाशी में सर्वाधिक नुकसान
गढ़वाल मंडल में उत्तरकाशी जिले में सड़कों को सर्वाधिक 84.29 करोड़ की क्षति हुई है। इसके अलावा चमोली में 80.14, रुद्रप्रयाग में 73.16, टिहरी में 49.78, देहरादून में 32.79, पौड़ी में 40.50 तथा हरिद्वार में 16 करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं उत्तरकाशी में बिजली की लाइनों को सर्वाधिक 9.50 करोड़ का नुकसान हुआ है। निगम को चमोली जिले में 4.06 करोड़, रुद्रप्रयाग में 3.98 करोड़, पौड़ी में 1.58 करोड़, टिहरी में 1.26 करोड़, हरिद्वार में 1.64 करोड़ और देहरादून में 97 लाख का नुकसान हुआ है।

ग्रामीण योजनाओं को हुई ज्यादा क्षति
मंडल के पांच पर्वतीय जिलों में ग्रामीण योजनाओं को सर्वाधिक 35.6 करोड़ का नुकसान हुआ है। नगरीय योजनाओं को 12.52 करोड़ की क्षति हुई है और मंडल में जल निगम की योजनाओं को 18.94 करोड़ का नुकसान हुआ है।

इंसेट
इनका कहना है
आपदा से मंडल में लोनिवि की सड़कों और योजनाओं को काफी नुकसान हुआ है। क्षतिग्रस्त सड़कों को खोलने और पूर्व की स्थिति में लाने के लिए 3.76 की मांग शासन से की गई है। – आरपी भट्ट मुख्य अभियंता लोनिवि पौड़ी।

शासन से की मांग
जल संस्थान की 825 योजनाओं को अस्थायी रूप से चालू करने और उन्हें स्थायी रूप ठीक करने को 48.48 करोड़ की मांग शासन की गई है। क्षतिग्रस्त योजनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है। – पीसी किमोठी महाप्रबंधक जल संस्थान पौड़ी।

तीन दिन में होगा ब्योरा इकट्ठा
आपदा से मंडल में कई हजार करोड़ का नुकसान हुआ है। सभी जनपदों में क्षति का ब्योरा संकलित किया जा रहा है। संकलन का कार्य दो तीन दिनों में पूरा हो जाएगा। – सुवर्द्धन आयुक्त गढ़वाल मंडल पौड़ी।

Related posts