
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता ने आपदाग्रस्त क्षेत्रों में खाद्यान्न की पर्याप्त आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। डीएम कलक्ट्रेट सभागार अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।
उन्होंने कहा कि शिकायत मिली है कि जहां सड़क और रास्ते क्षतिग्रस्त हैं वहां खाद्यान्न आपूर्ति नहीं हो रही है। जिला पूर्ति अधिकारी को सख्त हिदायत दी कि ऐसे क्षेत्रों में पर्याप्त खाद्यान्न की आपूर्ति करें। डीएसओ से कहा कि पूर्ति निरीक्षकों को साथ लेकर ऐसे स्थानों का निरीक्षण कर वस्तु स्थिति से अवगत कराएं। गलत रिपोर्ट देने वाले पूर्ति निरीक्षकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त होने वाली परिसंपत्तियों की रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करने और धनावंटन के तुरंत बाद कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से करा लें। लोनिवि, एडीबी, पीएमजीएसवाई के अभियंताओं को निर्देश दिए कि उनके विभाग के अधीन जहां भी सुरक्षा दीवार, कल्वर्ट, रिटर्निंग वाल और सड़क क्षतिग्रस्त हैं, इसकी सूची निर्धारित प्रारूप में जिला आपदा प्रंबधन अधिकारी को उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि दैवीय आपदा के तहत लोनिवि निर्माण खंड से चार, पेयजल निगम, लघु डाल, पीएमजीएसवाई, एडीबी सेे दो-दो, सिंचाई विभाग से आठ प्रस्ताव मिले हैं। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस विजय कुमार जोतकांडे, एडीएम प्रशांत कुमार आर्य, वरिष्ठ कोषाधिकारी विक्रम सिंह जंतवाल, आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. मंजू पांडे आदि मौजूद थे।
